लखनऊ। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है, और नजरें लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर टिकी हैं, जहां बुधवार को दोपहर 1:30 बजे से दूसरा मुकाबला खेला जाएगा।
अफगानिस्तान से दूसरे वनडे में होगी भारत-अफगानिस्तान की टक्कर
धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहले मैच में आसान जीत दर्ज कर भारत 1-0 से आगे है और अब उसकी नजरें सीरीज अपने नाम करने पर हैं, जबकि अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है। लखनऊ की गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। शाम होते-होते तापमान में गिरावट आएगी, जिससे खिलाड़ियों को राहत मिल सकती है।
लखनऊ में 1:30 बजे से खेला जाएगा मुकाबला
भारतीय टीम इस सीरीज को सिर्फ जीत तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे आगामी वनडे विश्व कप की तैयारी के बड़े मंच के रूप में देख रही है। टीम प्रबंधन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले लगभग दो दर्जन वनडे मुकाबलों में अलग-अलग संयोजनों को आजमाया जाएगा, ताकि सर्वश्रेष्ठ कॉम्बिनेशन तैयार किया जा सके।
इसी रणनीति के तहत दूसरे वनडे में टीम में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

चर्चा है कि कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। कुलदीप भले ही हाल के समय में अपनी लय को लेकर संघर्ष कर रहे हों, लेकिन बीच के ओवरों में उनकी नियंत्रण क्षमता को देखते हुए उन्हें अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनके आने से हर्ष दुबे को बाहर बैठना पड़ सकता है।
वहीं यशस्वी जायसवाल को भी मौका मिलने की पूरी संभावना है, जिससे ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ सकता है। युवा खिलाड़ियों को मौके देने की इस रणनीति से टीम प्रबंधन भविष्य की तैयारी को मजबूत करने में जुटा है।

तेज गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पहले वनडे में 27 रन देकर 3 विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ के प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया है और उनके खेलने की संभावना मजबूत है। ऐसे में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
इस मैच में रोहित शर्मा पर भी सबकी निगाहें होंगी, जिनका यह मुकाबला भविष्य तय करने में अहम माना जा रहा है। करीब 40 वर्ष की उम्र की ओर बढ़ रहे रोहित हाल के महीनों में चोट और अस्थिर फॉर्म से जूझते रहे हैं। हैमस्ट्रिंग की समस्या ने चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।
आगामी वर्षों में दक्षिण अफ्रीका में होने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं को देखते हुए उनकी फिटनेस, फील्डिंग और लगातार रन बनाने की क्षमता की कड़ी परीक्षा हो रही है। टीम प्रबंधन साफ संकेत दे चुका है कि उनका भविष्य केवल अनुभव नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

रोहित के लिए चुनौती इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी सीमित ओवरों की टीम में अपनी जगह बनाने के लिए जोरदार दावेदारी पेश कर रहे हैं। पहले वनडे में रोहित केवल 16 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट का शिकार हुए थे। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में भी वह तीन पारियों में सिर्फ 61 रन ही बना सके थे। ऐसे में एक और नाकामी उनके ऊपर दबाव बढ़ा सकती है।
हालांकि लखनऊ का इकाना स्टेडियम रोहित के लिए सुखद यादें भी समेटे हुए है। उन्होंने यहां 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 शतक लगाया था और 2023 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 87 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। फिर भी यह पिच पिछले कुछ वर्षों से बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रही है। धीमी और चुनौतीपूर्ण सतह पर धैर्य और तकनीक की परीक्षा होती है।
अफगानिस्तान की टीम की बात करें तो सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ पहले मैच में शानदार शतक लगाकर फॉर्म में लौटे, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह उमरजई और स्टार स्पिनर राशिद खान पर इस बार बेहतर सामूहिक प्रदर्शन की जिम्मेदारी होगी।
वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले वनडे के बाद साफ किया था कि टीम का फोकस अलग-अलग संयोजनों को आजमाने और यह समझने पर है कि कौन सा कॉम्बिनेशन लंबे समय में सबसे प्रभावी साबित होता है। सीरीज में 1-0 की बढ़त के साथ उतरी टीम इंडिया के पास जहां अजेय बढ़त हासिल करने का मौका होगा, वहीं यह मुकाबला खिलाड़ियों के भविष्य और टीम संयोजन के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जदरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानउल्लाह गुरबाज, अजमतउल्लाह ओमरजाई, मो. नबी, राशिद खान, एएम गजनफर, जियाउर रहमान शरीफी, दरविश रसूली, फरीद मालिकजई, इकराम अलखिल










