इकाना में रिकॉर्डों की बरसात, गिल-ईशान के शतकों से भारत ने अफगानिस्तान को हराया

0
19
© BCCI

लखनऊ। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के बल्ले से निकली आतिशी शतकीय पारियों की बाद तेज गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने अफगानिस्तान को वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

402 रन का विशाल स्कोर, 170 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त ली

भारत ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर में गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन और ईशान ने 79 गेंदों पर 125 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की।

© BCCI

इसके चलते इकाना में वनडे क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाने के साथ टीम इंडिया की ओर से रिकॉर्डों की झड़ी लग गई। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन ही बना सकी। टीम से रहमत शाह 79 रन की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए सबसे सफल बल्लेबाज

इससे पूर्व अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल (4) मोहम्मद सलीम साफी का शिकार बने। बैकवर्ड पॉइंट पर नांगेलिया खरोटे ने दूसरे प्रयास में उनका कैच लपका।

© BCCI

इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी को संभाला। रोहित ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और बिलाल सामी के खिलाफ लगातार चौके जड़े। भारत ने पहले पावरप्ले में एक विकेट पर 80 रन बनाए। रोहित ने 39 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन की पारी खेली, लेकिन अर्धशतक से चूक गए।

14वें ओवर की पहली गेंद पर राशिद खान की गुगली पर उनका बल्ला चकमा खा गया और गेंद अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप्स से जा टकराई। रोहित और गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी हुई। यह रोहित का 510वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी था, जिसके साथ उन्होंने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया।

रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बना दिया। गिल ने 17वें ओवर में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि इसी दौरान ईशान किशन ने वनडे में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए। ईशान ने 52 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

दोनों बल्लेबाजों ने रनगति को लगातार तेज रखा। शुभमन गिल ने 33वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर 77 गेंदों में अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया। यह भारतीय कप्तान के तौर पर वनडे में पांचवां सबसे तेज शतक भी रहा। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर ईशान किशन ने चौका जड़ते हुए 71 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

भारत को तीसरा झटका 37वें ओवर में लगा, जब ईशान किशन 79 गेंदों पर 14 चौके और सात छक्कों की मदद से 125 रन बनाकर आउट हुए। नांगेलिया खरोटे की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में उनका पुल शॉट हवा में चला गया और सब्स्टीट्यूट फील्डर इकराम अलीखिल ने कैच पकड़ लिया।

ईशान और गिल ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की, जो इकाना स्टेडियम में पहली 200 रन की साझेदारी है। साथ ही यह अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई।

ईशान के आउट होने के कुछ देर बाद शुभमन गिल भी 154 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 110 गेंदों की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के लगाए। नांगेलिया खरोटे की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में वह डीप कवर पर दरविश रसूली को कैच दे बैठे। गिल ने 16 महीने बाद वनडे में शतक जमाया। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।

गिल के आउट होने के बाद भारत ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। केएल राहुल खाता नहीं खोल सके, जबकि श्रेयस अय्यर ने 26 रन बनाए। गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और वनडे पदार्पण कर रहे प्रिंस यादव भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। भारत का आखिरी विकेट पारी की अंतिम गेंद पर गिरा।

अफगानिस्तान की ओर से नांगेलिया खरोटे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि राशिद खान को तीन सफलताएं मिलीं। हालांकि भारत एक समय अपने अधिकम 2011 वेस्टइंडीज के खिलाफ 418 रन से भी आगे निकल सकता था लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए टीम को उस स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान को आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर झटका लगा जब पिछले मैच में शतक जड़ने वाले रहमानुल्लाह गुरबाज 41 रन बनाकर पवैलियन लोट गए। उन्होंने 33 गेंदों की पारी में 7 चौके व एक छक्का भी जड़ा।

नो-बॉल पर जीवनदान मिलने के बाद गुरबाज को गुरनूर बरार की गेंद पर विकेट के पीछे केएल राहुल ने लपका। गुरबाज ने शॉर्ट गेंद पर रैंप शॉट खेलना चाहा लेकिन लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर विकेटकीपर केएल राहुल के दस्तानों में चली गयी। इससे पहले गुरबाज ने दूसरे ओवर में प्रिंस यादव के खिलाफ दो चौके लगाते हुए अपने वनडे करियर के 2000 रन भी पूरे कर लिए।

छठें ओवर में गुरनूर बरार ने उनके खिलाफ एलबीडब्लू की अपील की लेकिन अंपायर ने नॉट आउट दिया। वहीं डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव का वनडे करियर का पहला विकेट नो बॉल के कारण रद्द हो गया। शॉर्ट गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन मिड-ऑन पर अर्शदीप सिंह ने आसान कैच लपक लिया। हालांकि थर्ड अंपायर ने देखा कि प्रिंस का पैर क्रीज से आगे निकला हुआ पाया गया था।

इसके बाद इब्राहीम जादरान 21 रन बनाकर 14वें ओवर की पहली गेंद पर पवैलियन लौट गए। जादरान पुल शॉट खेलने की कोशिश में अर्शदीप सिंह की गेंद को सही तरह से टाइम नहीं कर सके और गेंद हवा में मिडविकेट दिशा की ओर चली गई। डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग से दौड़ते हुए प्रिंस यादव ने अपनी बाईं ओर डाइव लगाकर कैच लपका।

इसके बाद रहमत शाह और सेदिकुल्लाह अटल ने तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। अफगानिस्तान से सेदिकुल्लाह अटल ने 50 गेंदों पर 5 चौके व एक छक्के से 42 रन की पारी खेली। उन्हें 24वें ओवर की पहली गेंद पर वाशिंगटन सुंदर ने एलबीडब्लू आउट किया।

वहीं अफगानिस्तान की पारी के 25वें ओवर में दरविश रसूली को मैन छोड़ना पड़ा। उन्होंने गुरनूर बरार की गेंद को मिडविकेट पर खेलने की कोशिश की लेकिन जमीन पर गिरने के बाद दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग पकड़कर दर्द से कराहते नजर आए। फिजियो ने मैदान पर आकर उनका इलाज किया और पैर पर स्ट्रैपिंग भी की, लेकिन रसूली बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके।

रसूली फिलहाल रिटायर्ड हर्ट हुए हैं। अगर उनकी स्थिति में सुधार होता है तो वह फिर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर चौथे विकेट के तौर पर कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (4) आउट हो गए। गुरनूर बरार की 140.4 किमी/घंटा की रफ्तार से शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पर पुल शॉट खेलने की उन्होंने कोशिश की लेकिन बल्ले का अंदरूनी किनारा छूते हुए सीधे स्टंप्स में लग गई। इस समय टीम का स्कोर पर 140 रन हो गया था।

वहीं टीम का पांचवां विकेट नांगेलिया खरोटे (6) के रुप में 31वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। उनको वनडे डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव ने क्लीन बोल्ड किया। इसी के साथ उन्होंने पहला वनडे विकेट आखिरकार अपने नाम कर लिया। इसी बीच रहमत शाह ने कुलदीप यादव की गेंद पर लॉन्ग-ऑफ की ओर एक रन लेकर 52 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

इसके बाद 33वें ओवर की अंतिम गेंद पर राशिद खान (12) अर्शदीप सिंह की गेंद पर रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। फिर एएम गजनफर 35वें ओवर की पहली गेंद पर (1) का विकेट गिरने से अफगानिस्तान को सातवां झटका लगा। उन्हें अर्शदीप सिंह की गेंद पर श्रेयस अय्यर ने कैच लपकर कर आउट किया। इसी के साथ अर्शदीप ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट अपने नाम कर लिए।

अफगानिस्तान को आठवां झटका मोहम्मद सलीम साफी (9) के रुप में लगा। उन्हें 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुरनूर बरार ने क्लीन बोल्ड किया। टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहमत शाह 89 गेंदों पर आठ चौके से 79 रन की पारी खेली। उन्हें 45वें ओवर की तीसरी गेंद पर प्रिंस यादव ने गुरनूर बरार के हाथों कैच लपकाकर आउट किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here