लखनऊ। नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 के दूसरे दिन गीता यूनिवर्सिटी, एसजीआरआरयू देहरादून और आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट
एसजीआरआरयू ने मोहम्मद कैफ और आकाश के अर्धशतकों की बदौलत लक्ष्य आसानी से हासिल किया, जबकि आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने शरद और प्रतीक सिंह की आक्रामक बल्लेबाजी के बाद दमदार गेंदबाजी से 134 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
गीता यूनिवर्सिटी ने शारदा यूनिवर्सिटी को सात विकेट से हराया
केए क्रिकेट ग्राउंड, जानकीपुरम पर गीता यूनिवर्सिटी ने शारदा यूनिवर्सिटी को सात विकेट से शिकस्त दी। जीत में शुभव गोयल ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शारदा यूनिवर्सिटी 19.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई।
टीम से 11वें नंबर पर उतरे प्रियांशु राज ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। गीता यूनिवर्सिटी से हन्नी नेहरा ने चार विकेट झटके, जबकि नितिश भारद्वाज ने तीन और शुभव गोयल ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में गीता यूनिवर्सिटी ने 14.3 ओवर में तीन विकेट पर 128 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज मोहित ने 39 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 47 रन बनाए। वहीं शुभव गोयल ने महज 24 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के जड़ते हुए नाबाद 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
एसजीआरआरयू ने 172 रन का लक्ष्य 15.5 ओवर में किया हासिल
एनईआर स्टेडियम पर एसजीआरआरयू, देहरादून ने टीएमबीएसएसयू, पटियाला को सात विकेट से हराया। पटियाला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर 171 रन बनाए।
आर्यन ने नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में एसजीआरआरयू ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। मोहम्मद कैफ ने 36 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 54 रन बनाए, जबकि आकाश ने 29 गेंदों पर नौ चौके जड़ते हुए नाबाद 51 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के नाबाद अर्धशतकों ने टीम को आसान जीत दिलाई।
आईआईएलएम ने 134 रन से दर्ज की बड़ी जीत
रुद्रांश क्रिकेट अकादमी स्टेडियम, गोमतीनगर में आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने विद्या यूनिवर्सिटी, मेरठ को 134 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आईआईएलएम ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 202 रन बनाए।
शरद ने महज 39 गेंदों पर 12 चौके और चार छक्के की मदद से 86 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं प्रतीक सिंह ने 32 गेंदों पर 46 रन जोड़े। जवाब में विद्या यूनिवर्सिटी 11.5 ओवर में नौ विकेट पर 68 रन ही बना सकी। आईआईएलएम से अंशुमान सिंह और विनायक तिवारी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि राम शिव हरे ने दो विकेट हासिल किए।
अन्य मुकाबलों में भी बड़े अंतर से मिली जीत
एलयू के परांजपे मैदान पर मानव रचना आईआईआरएस, फरीदाबाद ने वी. कांबोज के नाबाद 74 रन की मदद से केएमसी भाषा यूनिवर्सिटी, लखनऊ को सात विकेट से हराया। हालांकि दूसरे मुकाबले में मानव रचना यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के हाथों नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
एनईआर स्टेडियम पर गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने आकाश चौधरी (नाबाद 124 रन, 60 गेंद, 8 चौके, 10 छक्के) और अभिषेक दफौती (नाबाद 102 रन, 60 गेंद, 7 चौके, 7 छक्के) के शतकों की बदौलत एक विकेट पर 244 रन बनाए और जीएनए यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा को 138 रन से हराया।
वहीं लाला राजपत राय यूनिवर्सिटी ने एसआरएम यूनिवर्सिटी को 12 रन से हराया जबकि एचपी यूनिवर्सिटी, शिमला ने चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी को 46 रन से शिकस्त दी। सीसीएस यूनिवर्सिटी, मेरठ ने भी अपने मुकाबले में जीत दर्ज की, जबकि सीजीसी यूनिवर्सिटी, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला को वाकओवर से जीत मिली।










