मैदान पर क्रिकेट, पर्दे के पीछे मेहनत; यूपी टी-20 लीग के ग्राउंड स्टाफ का हुआ सम्मान

0
14

कानपुर। कभी तेज बारिश, कभी गीली आउटफील्ड और फिर मैच शुरू कराने की चुनौती। ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैचों के दौरान जब मौसम बार-बार इम्तिहान ले रहा था, तब मैदान के पीछे एक टीम ऐसी भी थी जो लगातार अपने काम में जुटी रही।

खिलाड़ियों के लिए मैदान तैयार करने और मुकाबलों को संभव बनाने में दिन-रात मेहनत करने वाले ग्राउंड स्टाफ के इन सदस्यों को मंगलवार को सम्मानित किया गया।

ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ग्राउंड और ऑफिस स्टाफ को सम्मानित किया। इस दौरान कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन (आईएएस), यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन (आईएएस) ने कहा कि बड़े खेल आयोजनों की सफलता में ग्राउंड स्टाफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसी खेल आयोजन में योगदान देने वाले इन कर्मियों का सम्मान करना अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने इस कार्य के लिए में यूपी टी-20 लीग की जमकर सराहना की।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि किसी भी बड़े खेल आयोजन की सफलता केवल खिलाड़ियों और मैदान पर नजर आने वाली टीम तक सीमित नहीं होती। ग्राउंड स्टाफ और अन्य कर्मचारी पर्दे के पीछे रहकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कानपुर चरण के दौरान ग्रीन पार्क स्टेडियम के स्टाफ द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।

इस दौरान 45 अस्थायी ग्राउंड कर्मचारियों को 500 रुपये की सम्मान राशि के साथ एक जोड़ी ट्राउजर और टी-शर्ट प्रदान की गई। वहीं 22 स्थायी ग्राउंड स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 2100 रुपये की सम्मान राशि, ट्राउजर और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ग्रीन पार्क से जुड़े चार ऑफिस स्टाफ को 5100 रुपये की सम्मान राशि के साथ सूट लेंथ प्रदान की गई।

इस सम्मान समारोह ने उन चेहरों को सामने लाने का काम किया, जो आमतौर पर कैमरों और सुर्खियों से दूर रहकर अपना काम करते हैं। सम्मान पाने वाले कर्मचारियों में भी इस मौके पर खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर यूपीसीए की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, एएमयू से फैसल शेरवानी, सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज अहमद खान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गौरतलब है कि कानपुर चरण में मौसम कई बार रुकावट बना। बारिश के कारण मैचों के ओवर कम करने पड़े तो कई मौकों पर गीली आउटफील्ड के चलते मैदान को दोबारा खेलने योग्य बनाने की चुनौती सामने आई। ऐसे समय में ग्राउंड स्टाफ लगातार मैदान पर जुटा रहा और कवर लगाने से लेकर पानी हटाने और आउटफील्ड को तैयार करने तक कड़ी मेहनत करता रहा। लगातार बदलते मौसम के बीच उनकी इसी मेहनत ने कानपुर चरण के आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here