लखनऊ। शुरुआती झटकों से उबरते हुए यश गर्ग (नाबाद 56) और कप्तान रिंकू सिंह (नाबाद 37) की शानदार पारियों के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के फाइनल में छह विकेट की रोमांचक जीत के साथ प्रवेश किया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए क्वालीफायर-2 मुकाबले में नोएडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 134 रन का स्कोर बनाया। जवाब में मेरठ मावेरिक्स ने 17.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाते हुए जीत के साथ फाइनल का टिकट हासिल किया।

टीम की जीत में यश गर्ग और रिंकू सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 46 गेंदों पर 74 रन की अटूट साझेदारी करते हुए अहम भूमिका निभाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार यश गर्ग को मिला जिन्होंने हरफनमौला खेल का प्रदर्शन किया।

अब एक बार की विजेता और दो बार की उपविजेता मेरठ मावेरिक्स की 6 सितंबर को फाइनल में पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंची लखनऊ फाल्कन्स से टक्कर होगी। इस मुकाबले की शुरुआत डॉ. नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस एवं पूर्व चेयरमैन, प्रसार भारती) ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अच्छा मंच दिया है। लखनऊ में हो रहे मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव मिलता है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग में हर साल खिलाड़ियों के प्रदर्शन का स्तर बेहतर हो रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को लगातार अच्छे अवसर मिलें और वे अपनी मेहनत व प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ें।

इस अवसर पर पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
औपचारिक शुरुआत के बाद मेरठ मावेरिक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 134 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 10 रन के स्कोर पर उसे पहला झटका लगा। सलामी बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी (6) को तीसरे ओवर की पहली गेंद पर करन चौधरी ने एलबीडब्लू आउट किया।

इसके बाद माधव कौशिक व शौर्य सिंह ने नोएडा की पारी को संभाला। शौर्य ने 33 गेंदों पर 4 चौके व तीन छक्के से 47 रन बनाए। उनकी पारी का अंत 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुआ जब जीशान अंसारी की गेंद पर उन्होंने स्वास्तिक चिकारा को कैच थमा दिया।
रवि सिंह सात रन बनाकर और आदित्य शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। दोनों को यश गर्ग ने 12वें ओवर में आउट किया। माधव कौशिक ने 29 गेंदों पर 4 चौके व एक छक्के की मदद से 36 रन बनाए। उन्हें 14वें ओवर की चौथी गेंद पर यश गर्ग ने विकेटकीपर अक्षय दुबे के हाथों कैच कराया।

इसके बाद शिवा सिंह नौ रन बनाकर और कार्तिक सिद्धू बिना खाता खोले जीशान अंसारी का शिकार हो गए। कप्तान प्रशांत वीर ने 17 गेंदों पर दो चौके व एक छक्के से 18 रन का योगदान किया लेकिन 19वें ओवर में रिंकू सिंह की गेंद पर रितुराज शर्मा ने को कैच दे बैठे। मेरठ से यश गर्ग व जीशान अंसारी ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ मावेरिक्स ने 17.5 ओवर में चार विकेट पर 135 रन बनाते हुए जीत अपनी झोली में डाल ली। मेरठ की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 32 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा (7) को दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रशांत वीर ने क्लीन बोल्ड किया।

रितुराज शर्मा ने 6 गेंदों पर 10 रन बनाए लेकिन अगले ही ओवर में शिवा सिंह ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा। ईशू शर्मा 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर चौथे ओवर में प्रशांत वीर की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। अक्षय दुबे सात रन बनाकर 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर कार्तिक सिद्धू की गेंद पर शिवा सिंह को कैच थमा बैठे।
इसके चलते मेरठ की मुश्किलें बढ़ गयी। चार विकेट गिरने के बाद यश गर्ग और कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और नोएडा के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए शानदार बल्लेबाजी की। यश गर्ग ने संयम भरी बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर तीन चौके व तीन छक्के से नाबाद 56 रन की मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी खेली।

दूसरी ओर रिंकू सिंह ने उनका बखूबी साथ देते हुए 23 गेंदों पर 2 चौके व दो छक्के से नाबाद 37 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 46 गेंदों पर 74 रन की अजेय साझेदारी की और मेरठ को जीत दिला दी।

इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली, जहां 6 सितंबर को उसका सामना लखनऊ फाल्कन्स से होगा।











