लखनऊ। शुरुआती झटकों से लड़खड़ाने के बावजूद जोश इंग्लिस की विस्फोटक बल्लेबाजी और आयुष बदोनी की तेजतर्रार पारी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 के लीग चरण के अपने आखिरी मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 196 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक समय एलएसजी ने महज 20 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद इंग्लिस ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए पारी को संभाला और पंजाब के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में कप्तान श्रेयस अय्यर के फैसले को सही भी साबित किया।
हालांकि जोश इंग्लिस ने मैच की शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह पर हमला बोलते हुए चार चौकों की मदद से 16 रन बटोर लिए। ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लगातार चौके जड़कर इंग्लिस ने एलएसजी को तूफानी शुरुआत दिलाई।
लेकिन दूसरे ओवर में पंजाब को पहली सफलता मिल गई। अजमतुल्लाह ओमरजई ने ओवर की पहली ही गेंद पर अर्शिन कुलकर्णी को गोल्डन डक पर चलता किया। ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कुलकर्णी बल्ले का किनारा दे बैठे और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने आसान कैच लपक लिया।
एलएसजी इस झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर निकोलस पूरन भी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मार्को यानसन की शॉर्ट गेंद पर पूरन पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले से लगकर सीधे स्टंप्स पर जा लगी।
दो विकेट जल्दी गिरने के बावजूद लखनऊ ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और छह ओवर में दो विकेट पर 66 रन बना डाले। इंग्लिस लगातार रनगति बढ़ाते रहे, जबकि दूसरी ओर आयुष बदोनी ने भी आते ही बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए।
बदोनी ने बेहद साहसिक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के स्पिन और पेस अटैक पर दबाव बनाया। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन की तेज पारी खेली। हालांकि युजवेंद्र चहल ने उनकी इस खतरनाक पारी का अंत किया। ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर बदोनी कट शॉट खेलने गए, लेकिन उनका पैर हवा में उठ गया और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने फुर्ती दिखाते हुए स्टंपिंग कर दी।
10 ओवर के बाद एलएसजी का स्कोर तीन विकेट पर 100 रन पहुंच चुका था। इसके बाद इंग्लिस और कप्तान ऋषभ पंत ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 65 रन की अहम साझेदारी की। इंग्लिस ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्शदीप सिंह की गेंद पर डीप पॉइंट की ओर दो रन लेकर 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
दूसरी ओर पंत ने भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 22 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चहल ने उन्हें भी चलता कर पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई। पंत बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में डीप में खड़े मार्को यानसन को कैच थमा बैठे।
16 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 157 रन था और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी। हालांकि 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर पंजाब को सबसे बड़ी सफलता मिली जब जोश इंग्लिस 72 रन बनाकर आउट हो गए। इंग्लिस ने 44 गेंदों की अपनी शानदार पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। शशांक सिंह की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे कप्तान श्रेयस अय्यर के हाथों में चली गई।
इसके बाद 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर मुकुल चौधरी भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मार्को यानसन की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन लॉन्ग-ऑन पर सब्स्टीट्यूट फील्डर प्रवीण दुबे ने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया। अंत में लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पंजाब किंग्स की ओर से मार्को यानसन और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि शुरुआती दबाव बनाने में ओमरजई ने भी अहम भूमिका निभाई।










