लखनऊ। लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की आनंद नगर शाखा के तत्वावधान में दो दिवसीय LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 का भव्य आयोजन 27 एवं 28 नवंबर 2026 को नॉर्दर्न रेलवे स्टेडियम, लखनऊ में किया जा रहा है।
इस खेल महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), लखनऊ डिवीजन तथा गेस्ट ऑफ ऑनर प्रीति सिंह, डिविजनल स्पोर्ट्स सेक्रेटरी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर एवं एथलेटिक्स मीट के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दो दिवसीय एथलेटिक्स मीट में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की सभी शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लखनऊ के अतिरिक्त बाराबंकी, बरेली, माधोगंज एवं सीतापुर सहित अन्य शहरों की शाखाओं के विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस आयोजन को और भी व्यापक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें 200 मीटर, 300 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़, रिले रेस, शॉट पुट, लॉन्ग जंप, हाई जंप तथा डिस्कस थ्रो प्रमुख हैं। विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, दृढ़ संकल्प एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस भव्य आयोजन का सफल संयोजन लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर की प्रधानाचार्या मीना तिवारी एवं सुनंदा माथुर के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं खेल प्रतिभा की सराहना की तथा उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 न केवल विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान कर रही है, बल्कि उनमें एकता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना जैसे जीवनोपयोगी गुणों के विकास का भी सशक्त माध्यम बन रही है।










