करन शर्मा का शतक, अभिषेक का अर्धशतक, काशी रुद्रास ने बनाया 217 रन का विशाल स्कोर

0
8

कानपुर। कप्तान करन शर्मा के आतिशी शतक (102) और अभिषेक गोस्वामी (63) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के कानपुर चरण के पहले मुकाबले में निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए तेज शुरुआत की और बड़े स्कोर की नींव रखी।

कानपुर चरण के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इसी के साथ ग्रीन पार्क स्टेडियम में लीग के निर्णायक चरण का भी विधिवत आगाज़ हुआ।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर में यूपी टी-20 लीग के निर्णायक मुकाबलों की शुरुआत होना शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खुशी की बात है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर लीग के मैच होने से युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और शहर में क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण लीग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब मुकाबले निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक विरासत और कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मंच मिलेगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास के लिए अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करन शर्मा ने पहले विकेट के लिए 102 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की। अभिषेक गोस्वामी ने 34 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से उम्दा 63 रन बनाए। उन्हें 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर कार्तिक सिद्धू ने बॉबी के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।

इसके बाद विराट जायसवाल ज्यादा देर नहीं टिक सके और दो रन बनाकर आउट हो गए। साहब युवराज सिंह ने छह गेंदों पर नौ रन का योगदान दिया। इस बीच करन शर्मा ने एक छोर संभाले रखते हुए आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।

कप्तान करन शर्मा ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट होने से पहले महज 51 गेंदों पर 102 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। करन ने नोएडा के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और काशी को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया।

करन शर्मा ने शुभम चौबे के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। शुभम चौबे ने 14 गेंदों पर 17 रन का योगदान किया। कार्तिक यादव ने नाबाद 10 रन और विजय यादव ने नाबाद एक रन बनाए। नोएडा किंग्स की ओर से नमन तिवारी और बॉबी यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए। कार्तिक सिद्धू, कुणाल त्यागी और शिवा सिंह को एक-एक विकेट मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here