कानपुर। यूपी टी20 लीग सीजन-4 अब अपने उस मुकाम पर पहुंच गई है, जहां हर मुकाबला आगे की तस्वीर तय करेगा। लखनऊ चरण के बाद लीग का कारवां कानपुर पहुंच चुका है और 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्लेऑफ और फाइनल समेत कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे।
फैंस के लिए ‘लकी सुपर 4’ ऑफर, 6 सितंबर तक खेले जाएंगे 12 मुकाबले
इसी के साथ लीग के निर्णायक चरण की शुरुआत से एक दिन पहले गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ सभी छह टीमों के कप्तानों ने हिस्सा लिया।
कानपुर में बसती है क्रिकेट की जान : डॉ. संजय कपूर
कानपुर में यूपी टी20 लीग की वापसी पर खुशी जताते हुए डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर ऐसा शहर है, जहां क्रिकेट लोगों की जिंदगी का हिस्सा है। ग्रीन पार्क भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपनी खास पहचान रखता है और इस ऐतिहासिक मैदान पर लीग के प्लेऑफ और फाइनल का आयोजन खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशंसकों के लिए भी यादगार अनुभव होगा।

उन्होंने कहा कि लीग को कानपुर वापस लाने का उद्देश्य यहां के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबलों का रोमांच अपने शहर में उपलब्ध कराना है। ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक विरासत और यहां के दर्शकों का जुनून मिलकर यूपी टी20 लीग के अंतिम चरण को खास बनाएगा।
1945 में स्थापित ग्रीन पार्क स्टेडियम में अब तक 24 टेस्ट, 15 वनडे और एक टी20 सहित कुल 40 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। यूपी टी20 लीग के पहले सीजन में 2023 में सभी मुकाबले इसी मैदान पर खेले गए थे। ऐसे में लीग का दोबारा ग्रीन पार्क लौटना इसके लिए भी एक तरह से अपने पुराने घर में वापसी है।
फैंस के लिए ‘लकी सुपर 4’ ऑफर
कानपुर चरण को और खास बनाने के लिए यूपी टी20 लीग की ओर से स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों के लिए ‘लकी सुपर 4 ऑफर’ की घोषणा की गई। इसके तहत हर मैच में क्रिकेट प्रेमियों को कई तरह के इनाम जीतने का मौका मिलेगा।
कैच द मैच: स्टैंड में बैठकर छक्का पकड़ने वाले दर्शक को ₹5,000 नकद पुरस्कार मिलेगा।
स्टार ऑफ द मैच: एक भाग्यशाली प्रशंसक को किसी स्टार खिलाड़ी के हस्ताक्षर वाली विशेष क्रिकेट गेंद दी जाएगी।
डेली विनर्स: मैच के दौरान पूछे जाने वाले क्रिकेट से जुड़े आसान सवालों के सही जवाब देने वाले दर्शक तत्काल पुरस्कार जीत सकेंगे।
लकी ड्रॉ: बड़े लकी ड्रॉ में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, स्मार्टफोन और बाइक जैसे पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा।
इन ऑफर्स का लाभ उठाने के लिए दर्शकों को अपना टिकट District by Zomato ऐप के माध्यम से ऑनलाइन खरीदना होगा। पुरस्कार जीतने वाले दर्शक का स्टेडियम में मौजूद होना और वैध टिकट दिखाना अनिवार्य होगा।
मेरठ की बादशाहत, बाकी पांच टीमों में प्लेऑफ की जंग
लीग के पहले चरण में मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी सात मुकाबले जीतकर 7-0 के रिकॉर्ड के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया है।

वहीं बाकी पांच टीमों के लिए प्लेऑफ की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है। ऐसे में कानपुर चरण के मुकाबले न सिर्फ अंतिम चार टीमों का फैसला करेंगे, बल्कि शीर्ष स्थान और प्लेऑफ की स्थिति को भी प्रभावित करेंगे।
काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स से होगी शुरुआत
कानपुर चरण का पहला मुकाबला 28 अगस्त को शाम 7:30 बजे काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद प्लेऑफ मुकाबलों का रोमांच जारी रहेगा और 6 सितंबर को ग्रैंड फिनाले के साथ यूपी टी20 लीग सीजन-4 के चैंपियन का फैसला होगा।










