मेजर ध्यानचंद की जयंती पर कानपुर देहात में मना राष्ट्रीय खेल दिवस

0
23

कानपुर देहात। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कानपुर देहात स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया।

हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए केक काटा गया। हालांकि, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रस्तावित हॉकी प्रतियोगिता भारी बारिश के कारण आयोजित नहीं हो सकी। संघ ने प्रतियोगिता को जल्द ही नई तारीख पर आयोजित कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम में कानपुर देहात के एडीएम प्रशासन अमित कुमार और जिला खेल अधिकारी नीलम सिद्दीकी मुख्य रूप से मौजूद रहे। हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजय भारती, सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देवेन्द्र पॉल सहित संघ के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजय भारती ने अतिथियों का मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन भी प्रस्तावित था, लेकिन लगातार और अत्यधिक बारिश के कारण मैदान की स्थिति खेलने योग्य नहीं रही। इसके चलते प्रतियोगिता को स्थगित करना पड़ा। हॉकी एसोसिएशन ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन आगामी दिनों में नई तिथि निर्धारित कर किया जाएगा।

स्कूल स्तर से हॉकी को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देवेन्द्र पॉल ने जिले में राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने स्कूलों से आए प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों में हॉकी के प्रति रुचि और जागरूकता पैदा करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

देवेन्द्र पॉल ने कहा कि जिले में हॉकी को जमीनी स्तर से मजबूत करने के लिए स्कूलों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जल्द ही राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करने की भी बात कही।

कार्यक्रम के अंत में हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर ने आयोजन में शामिल खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और जिला खेल अधिकारी सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुश्री मृदुला तिवारी, डॉ. दीपिका सिंह सेंगर सहित हॉकी संघ के अन्य सदस्य और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here