सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बहाया पसीना

0
17

लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप के आगाज से पहले सोमवार को देश-विदेश के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर जमकर पसीना बहाया।

पिछले संस्करण की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा, एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम के सदस्य एचएस प्रणय, तीन बार की ओलंपियन अश्विनी पोनप्पा सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लेकर अपनी तैयारियों को परखा। भारतीय खिलाड़ियों के साथ विदेशी खिलाड़ियों ने भी कोर्ट पर अभ्यास कर प्रतियोगिता के लिए लय हासिल करने की कोशिश की।

एचएस प्रणय, उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा और अश्विनी पोनप्पा सहित कई दिग्गज पहुंचे लखनऊ

गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में होने वाली 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप के लिए कई प्रमुख खिलाड़ी लखनऊ पहुंच चुके हैं। इनमें मिश्रित युगल की शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो भी शामिल हैं।

मिश्रित में चुनौती पेश करने वाली तनीषा के अलावा उन्नति और तन्वी पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। दोनों पिछले संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं और इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए खिताब की दौड़ में आगे बढ़ना चाहेंगी।

तीसरी वरीयता प्राप्त एचएस प्रणय भी अभ्यास सत्र में शामिल हुए। वह एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा रहे हैं। वहीं, तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं अश्विनी पोनप्पा भी लखनऊ पहुंच गई हैं। उन्हें मिश्रित युगल प्रतियोगिता में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में जगह मिली है।

खिलाड़ियों ने बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी के अलावा ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी अभ्यास किया। चैंपियनशिप में भारतीय दल की बड़ी मौजूदगी को देखते हुए घरेलू खिलाड़ियों के पास अपने प्रदर्शन में सुधार करने और महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक हासिल करने का अच्छा मौका रहेगा। ये अंक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी स्थिति बेहतर बनाने में मददगार हो सकते हैं।

चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग मुकाबले 24 नवंबर को सुबह नौ बजे से खेले जाएंगे। मुख्य ड्रॉ के युगल वर्ग के कुछ मुकाबले भी इसी दिन दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि अन्य मुख्य ड्रॉ के मुकाबलों की शुरुआत 25 नवंबर से होगी। महिला युगल में पिछले संस्करण की विजेता जोड़ी इस बार लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगी।

मुख्य ड्रॉ में यूपी के खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ में उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ी भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। महिला एकल में यूपी की मानसी सिंह भारतीय चुनौती को मजबूती देंगी। वहीं, महिला युगल में भी प्रदेश के खिलाड़ियों की अच्छी मौजूदगी रहेगी। यूपी की श्रुति मिश्रा अपनी पुरानी जोड़ीदार मणिपुर की प्रिया के साथ कोर्ट पर उतरेंगी। इसके अलावा समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया की जोड़ी भी चुनौती पेश करेगी। यूपी की सोनाली सिंह रितिका ठाकेर के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगी।

इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप को रेडिको खेतान, मिगसन, काउंटी फाउंडेशन, इन्वेस्ट यूपी और यूपी टूरिज्म सहित कई प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों का सहयोग प्राप्त है। इनके सहयोग से प्रतियोगिता के आयोजन और खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here