बारिश आई, लेकिन मैच नहीं रुके: इकाना में 45 मिनट में तैयार हुआ मैदान, UPT20 के सभी 22 मैच पूरे

0
11

लखनऊ : एक तरफ जहाँ देश के कई घरेलू टूर्नामेंट्स में बारिश और गीले मैदान के कारण मैच रद्द होने की खबरें आती रहती हैं, वहीं दूसरी तरफ यूपी टी-20 लीग 2026 का लखनऊ चरण शत-प्रतिशत सफल रहा।

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लगातार और तेज बारिश के बावजूद बिना एक भी मैच धुले (No Washout), सभी शेड्यूल किए गए 22 मुकाबले सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।

हालाँकि कुछ मैचों में बारिश के कारण ओवरों की कटौती और (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) पद्धति का सहारा लेना पड़ा, लेकिन ग्राउंड स्टाफ की असाधारण तत्परता ने हर मैच का नतीजा सुनिश्चित किया। यूपीसीए और यूपी टी20 लीग का यह विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर पूरे देश में तारीफ बटोर रहा है।

इकाना स्टेडियम के चीफ़ क्यूरेटर संजीव अग्रवाल ने बताया कि कैसे उनकी टीम ने बारिश के बीच भी मैदान को खेल के अनुकूल बनाए रखा… “इकाना स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम (Drainage System) निर्माण के समय से ही बेहद आधुनिक और बेहतरीन ढंग से डिजाइन किया गया है।

अक्सर अच्छे ड्रेनेज सिस्टम रखरखाव की कमी के कारण पाइपलाइन ब्लॉक होने से धीमे पड़ जाते हैं, लेकिन हम रोज़ाना रखरखाव (Routine Maintenance) करते हैं। बारिश कितनी भी तेज क्यों न हो, पानी थमने के अधिकतम 45 मिनट के अंदर हम मैदान को खेल के लिए तैयार कर देते हैं।”

संजीव अग्रवाल ने खुलासा किया कि इस सीजन की तैयारी महीनों पहले, आईपीएल के तुरंत बाद ही शुरू कर दी गई थी… “मैदान की देखभाल रोज़ का काम है, चाहे मैच हो या न हो।

आईपीएल के समापन के बाद हमने बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों और टर्फ साइंस प्रोटोकॉल के तहत प्री-सीजन मेंटेनेंस शुरू किया। जिस प्रक्रिया में आमतौर पर 15 दिन लगते हैं, उसमें हमने इस बार 32 दिन लगाए। हमने ‘डीप टाइनिंग और कोरिंग’ (Deep Tining & Coring) की, जिससे जमीन के अंदर पानी सोखने की क्षमता काफी बढ़ गई और सतह का पानी तेजी से बाहर निकल जाता है।”

उन्होंने कहा कि फैंस और मीडिया से मिल रही तारीफों के लिए वे आभारी हैं, लेकिन उनका एकमात्र लक्ष्य यही रहता है कि कम से कम समय में सूखा मैदान और तैयार पिच खिलाड़ियों को सौंपी जा सके, ताकि खेल का एक भी मिनट बर्बाद न हो।

अब कानपुर के ग्रीन पार्क में जमेगा अंतिम रंग

लखनऊ में 14 से 26 अगस्त तक चले इस बेहद सफल चरण के समापन के बाद अब यूपी टी-20 लीग का कारवां कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम शिफ्ट हो रहा है। 40 अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी कर चुके इस ऐतिहासिक मैदान पर 28 अगस्त से 6 सितंबर तक अंतिम लीग मैच, प्लेऑफ्स और ग्रैंड फिनाले खेले जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here