आईटीएफ पैरा, सब-जूनियर व जूनियर नेशनल ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में यूपी की टीम लेगी हिस्सा

0
4

लखनऊ। आईटीएफ पैरा, सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल ट्रायथलॉन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 14 और 15 अगस्त को महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम भी विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा लेगी।

उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव संदीप मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

पुरुष वर्ग में अमित सिंह कराकोटी (बरेली), शिशुपाल प्रजापति (देवरिया), ओरियन शर्मा (वाराणसी), प्रियांशु सिंह कराकोटी (बरेली), हर्ष वर्धन दत्तात्रेय (गौतम बुद्ध नगर), प्रदीप सहानी (गाजियाबाद), विष्णु दत्त चौहान (गोरखपुर), अमित सिंह (लखनऊ), अजेंद्र चौहान (लखनऊ) और प्रणय द्विवेदी (कानपुर) टीम में शामिल हैं।

सब-जूनियर महिला वर्ग में गौतम बुद्ध नगर की गीतिका चौहान और आन्या सांगवान उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम के कोच जितेंद्र सोनकर और मैनेजर संजय सांगवान हैं। इस अवसर पर लखनऊ ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव आशुतोष त्रिपाठी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सचिन त्रिपाठी और चयन समिति के अध्यक्ष निशित दीक्षित भी मौजूद रहे।

संदीप मिश्रा ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के पास एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर होगा। ऐसे में प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी खिलाड़ी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन को उम्मीद है कि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगे और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here