अमेठी के सलमान ने एशियाई खेल में लहराया परचम, रोइंग में जीता कांस्य

0
17
एशियाई खेल में पुरुष डबल स्कल्स में भारत की कांस्य पदक विजेता जोड़ी सतनाम सिंह (बाएं) व सलमान खान (दाएं)

लखनऊ। अमेठी के सलमान खान ने एशियाई खेल 2026 में रोइंग में पुरुष डबल स्कल्स में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। सलमान और सतनाम सिंह की भारतीय जोड़ी गुरुवार को आइची-नगोया की नागाला नदी मे इंटरनेशनल रोइंग कोर्स में पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में 6 मिनट 13.25 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही।

अमेठी के सलमान के लिए यह कांस्य पदक इसलिए भी खास है क्योंकि सेना में भर्ती होने के बाद शुरू हुआ रोइंग का सफर अब उन्हें एशियाई खेलों का पदक विजेता बना चुका है। इस वर्ग का स्वर्ण चीन की यी शुदी और नी यिदे की जोड़ी ने 6:09.77 के समय के साथ जीता, जबकि उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक मामातकुलोव ने 6:10.49 के समय के साथ रजत पदक जीता।

एशियाई खेल में पुरुष डबल स्कल्स में भारत की कांस्य पदक विजेता जोड़ी सलमान खान (बाएं) व सतनाम सिंह (दाएं)

भारतीय जोड़ी ने रेस में शानदार शुरुआत की और 500, 1000 तथा 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर बनी रही। अंतिम 500 मीटर में रफ्तार कुछ कम होने के कारण भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। भारतीय जोड़ी स्वर्ण पदक विजेता चीन से 3.48 सेकेंड और रजत पदक विजेता उज्बेकिस्तान से 2.76 सेकेंड पीछे रही।

वहीं नागोया में मौजूद उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव और रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने पदक जीतने के बाद सलमान खान और सतनाम सिंह को गले लगाकर बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे भारतीय रोइंग के लिए अहम कामयाबी बताया।

2018 में सेना में आए, रोइंग ने बदली जिंदगी

अमेठी के सलमान खान 2018 में भारतीय सेना के बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप में शामिल हुए थे। सेना में आने के बाद ही उनका रोइंग से जुड़ाव हुआ। कोचों ने उनकी क्षमता को पहचाना और उन्हें रोइंग टीम में शामिल किया। इसके बाद उन्होंने बटालियन और इंटर सेंटर प्रतियोगिताओं में पदक जीते और आगे चलकर आर्मी रोइंग नोड में प्रशिक्षण हासिल किया।

सलमान ने शुरुआती दौर में कई चुनौतियों का सामना किया और दो बार खेल छोड़ने के बारे में भी सोचा, लेकिन कोचों के भरोसे ने उन्हें आगे बढ़ाया। 2023 में उन्हें टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) में शामिल किया गया। 2024 एशियन रोइंग कप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर पदोन्नति मिली।

सलमान का अंतरराष्ट्रीय सफर भी लगातार आगे बढ़ता रहा। उन्होंने 2025 में ऑस्ट्रेलियन रोइंग चैंपियनशिप में रजत व 2025 में एशियन रोइंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीते। वह 2023 वर्ल्ड रोइंग कप और 2024 ब्रिक्स गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

भोपाल में हुई 42वीं सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप-2025 में सलमान ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुणे में हुई 43वीं सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर छह स्वर्ण और दो रजत पदक जीत चुके सलमान के एशियाई खेलों के कांस्य ने उनके खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।

सलमान को बधाइयों का तांता

सलमान खान की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सहित उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक पवन सिंह चौहान (एमएलसी), अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह (एमएलए), चेयरमैन रेणुका मिश्रा (आईपीएस), चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (सेवानिवृत्त आईपीएस) तथा संरक्षक मंडल के सदस्य डॉ. आरपी सिंह (सेवानिवृत्त आईपीएस), राजीव त्रिवेदी (सेवानिवृत्त आईपीएस), विनोद कुमार सिंह (आईपीएस), डॉ. आरके स्वर्णकार (आईपीएस) और दीपक कुमार (आईपीएस) ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सतनाम का लगातार दूसरा एशियाड पदक

सलमान के जोड़ीदार सतनाम सिंह का भी एशियाई खेलों में यह लगातार दूसरा रोइंग पदक है। उन्होंने 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम के साथ कांस्य पदक जीता था। इस बार डबल स्कल्स में सलमान के साथ मिलकर उन्होंने फिर भारत को पोडियम तक पहुंचाया। सतनाम मूल रूप से पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here