लखनऊ। मॉडर्न स्कूल, अलीगंज के अभिज्ञान कटियार व हुज़ैफ़ा इब्राहिम ने प्रथम व्हाइट स्टैलियन चिल्ड्रन्स शतरंज टूर्नामेंट में अपने-अपने वर्गो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट (सीसीबीडब्ल्यू) द्वारा शहर के एक निजी होटल में आयोजित टूर्नामेंट में हुज़ैफ़ा इब्राहिम ने अंडर-10 और अभिज्ञान कटियार ने अंडर-13 वर्ग में सर्वाधिक 6.5-6.5 अंक अर्जित करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
अंडर-7 वर्ग में सीएमएस महानगर के वियान कार्तिक और सीएमएस गोमतीनगर प्रथम के अव्यान श्रीवास्तव 4.5-4.5 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। इस वर्ग में सीएमएस अलीगंज प्रथम के आरुष कटियार तीन अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
अंडर-10 वर्ग में सेंट फ्रांसिस के कौस्तुभ मिश्रा छह अंक के साथ शीर्ष पर रहे, जबकि सेंट फ्रांसिस के ही अविक अग्रवाल चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-13 वर्ग में सीएमएस राजाजीपुरम के ऐश्वर्य कुमार ने 5.5 अंक हासिल किए जबकि मॉडर्न स्कूल, अलीगंज के अभिजय मिश्रा पांच अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं अंडर-16 वर्ग में गाजियाबाद के अरिंदम शुक्ला छह अंक के साथ विजेता बने। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विक्ट्री हॉर्स फार्म्स के अजीम यूसुफ ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रेसकोर्स में घोड़े और शतरंज की बिसात पर शूरवीर (नाइट) दोनों के लिए धैर्य बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पूरी लगन और ईमानदारी से मेहनत करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया।













