लखनऊ। प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
पांचवीं अधीर दुबे मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट
शाहरुख ने मात्र 39 गेंदो पर 9 चौके व 3 छक्के से 79 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं नरिंदर जीत सिंह ने 30 गेंदों पर 5 चौके व 2 छक्के से 50 रन का योगदान करते हुए अर्धशतक पूरा किया। संजीव सिंह ने 26, पीयूष ने 19 व भूपिंदर ने 18 रन का योगदान किया।
टीसीसी से इश्तियाक अहमद को दो विकेट की सफलता मिली। जवाब में टीसीसी लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित ओवर में 196 रन ही बना सका।
अफजल (63 रन, 27 गेंद, 4 चौके, 5 छक्के) के अर्धशतक के अलावा मुजम्मिल ने 30 व सैफ मोहम्मद ने 26 रन का योगदान किया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। स्मैश क्रिकेट क्लब से गौरव मेंघी को तीन व नितेंद्र को दो विकेट की सफलता मिली।










