लखनऊ। वंशराज जलोटा सहित अनुरुद्ध कुमार, रोहिन राज और आरव भास्कर ने 24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट में एकल के अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मैचों में जीत से सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट
उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में बुधवार को क्वार्टर फाइनल खेले गए।

आज मुकाबलों में छठी वरीय यूपी के आरव भास्कर ने दूसरी वरीय यूपी के फैज किदवई को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-1, 4-6, 6-3 से पराजित किया। आरव ने पहला सेट जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन फैज ने दूसरा सेट अपने नाम कर वापसी की। निर्णायक सेट में आरव ने धैर्य और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में तीसरी वरीय यूपी के अनुरुद्ध कुमार ने यूपी के ही आर्य सिंह को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से हराकर आसान जीत दर्ज की। वहीं चौथी वरीय रोहिन राज ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए युवराज सिंह को 6-2, 6-1 से शिकस्त दी। इसी के साथ शीर्ष वरीय यूपी के वंशराज जलोटा ने यूपी के ही नीलोत्पल सिंह को 6-0, 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की और अंतिम चार में प्रवेश किया।












