यूपी के अर्श व छत्तीसगढ़ के सौरव की जोड़ी ने किया उलटफेर, पुरुष युगल फाइनल में बनाई जगह

0
11

लखनऊ। सातवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद व छत्तीसगढ़ के सौरव साहू की जोड़ी ने योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में उलटफेर भरी जीत के साथ पुरुष युगल फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। अर्श व सौरव की सोमवार को कर्नाटक के सुमित एआर व आर्या टी से खिताबी भिड़ंत होगी।

डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट

भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 10 लाख रुपए की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में रविवार को सेमीफाइनल खेले गए।

उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने बताया कि फाइनल मुकाबले सोमवार 28 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से खेले जाएंगे, जबकि समापन व पुरस्कार वितरण समारोह दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा।

पुरुष एकल में तीसरी वरीय दिल्ली के गिनपॉल सोना व दूसरी वरीय हरियाणा के रवि जबकि महिला एकल में चौथी वरीय छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी व तीसरी वरीय हरियाणा की जिया रावत ने फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष युगल में सातवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद व छत्तीसगढ़ के सौरव साहू ने पिछले संस्करण के विजेता व शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के विप्लव कुवले व विराज कुवले को 15-13, 17-15 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।

अर्श व सौरव ने कोर्ट पर शानदार जुगलबंदी का नजारा पेश करते हुए सटीक शॉट व तेज सर्विस से प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाया। अर्श व सौरव ने पहले गेम में 13-13 के स्कोर के बाद लगातार दो अंक जुटाकर बढ़त बनाते हुए गेम जीता। दूसरे गेम में भी मुकाबला बराबरी का रहा और एक-एक अंक के लिए जोरदार टक्कर हुई। 15-15 से बराबरी के बाद अर्श व सौरव ने लगातार दो अंक लेकर मैच अपने नाम कर लिया। दोनों की यह नई साझेदारी है। इससे पहले वे ऑल इंडिया चेन्नई टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे।

दूसरा सेमीफाइनल क्वालीफायर से मुख्य ड्रा में जगह बनाने वाली दो जोड़ियों के बीच हुआ, जिसमें कर्नाटक के सुमित एआर व आर्या टी ने ओडिशा के अभिनाश मोहंती व आयुष पटनायक को 15-8, 15-10 से हराया।

महिला एकल के पहले सेमीफाइनल में चौथी वरीय छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी के खिलाफ पांचवीं वरीय गुजरात की श्रेया लेले ने घुटने में चोट के चलते मैच बीच में छोड़ दिया। उस समय रिजुल सैनी 15-9, 12-15, 13-12 से आगे थीं। रिजुल ने पहला गेम जीता, जबकि दूसरे गेम में श्रेया ने वापसी की। तीसरे गेम में रिजुल के एक अंक की बढ़त के दौरान शॉट खेलते समय श्रेया के घुटने में चोट लगी और वह आगे नहीं खेल सकी।

दूसरे सेमीफाइनल में तीसरी वरीय हरियाणा की जिया रावत ने पांचवीं वरीय राजस्थान की स्नेहा लांबा को 15-4, 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

पुरुष एकल के पहले सेमीफाइनल में तीसरी वरीय दिल्ली के गिनपॉल सोना ने छठी वरीय उत्तराखंड के अंश नेगी को 15-12, 12-15, 15-11 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी वरीय हरियाणा के रवि को फाइनल में प्रवेश मिल गया। उनके प्रतिद्वंद्वी कर्नाटक के रघु मरिस्वामी क्वार्टर फाइनल में जीत के बाद पारिवारिक कारणों के चलते टूर्नामेंट से हट गए थे।

मिश्रित युगल में गैर वरीय तमिलनाडु के संजय श्रीवास्तव डी व आद्या वरियानाथ ने छठी वरीय दिल्ली के नितिन कुमार व मणिपुर की प्रिया देवी कोंजेंगबम को 12-15, 18-16, 15-9 से हराकर उलटफेर किया। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली के भव्य छाबड़ा व उत्तराखंड की अदिति भट्ट की क्वालीफायर जोड़ी ने दिल्ली के वंश देव व मिजोरम की लालरेमपुई को 15-8, 13-15, 15-13 से हराया।

महिला युगल के पहले सेमीफाइनल में दूसरी वरीय केरल की नयना एस.ओएसिस व तमिलनाडु की वर्षिनी विश्वनाथ ने पांचवीं वरीय कर्नाटक की रश्मि गणेश व अमृता पी को 15-11, 10-15, 16-14 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में चौथी वरीय उत्तराखंड की अदिति भट्ट व महाराष्ट्र की श्रवाणी वालेकर ने कर्नाटक की नाइसा करियप्पा व तमिलनाडु की प्रवंदिका राघवन को 15-11, 15-10 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here