राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम पर साई एनएसआरसी में ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ में दिखा जोश

0
16

लखनऊ। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी), लखनऊ की ओर से रविवार को राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम पर ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली पांच किमी की साइकिल रैली, स्किपिंग और पुश-अप चैलेंज की भी रही धूम

सरोजनी नगर, कानपुर रोड स्थित केंद्र परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल के करीब 50 एनसीसी कैडेट्स और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

साई एनएसआरसी के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मप्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा और योग सत्र से हुई।

इसके बाद प्रतिभागियों के लिए स्किपिंग और पुश-अप जैसी फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। आयोजन का मुख्य आकर्षण पांच किमी. की साइकिल रैली रही, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने भाग लिया।

इस पहल से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों के करीब 1,500 प्रतिभागी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने-अपने केंद्रों पर साइकिलिंग और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इस दौरान एसोसिएट एनसीसी अधिकारी रवि मिश्रा और प्रशांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे और आयोजन में युवाओं को नियमित व्यायाम और साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

आयोजन के जरिए फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत फिटनेस तथा खेलों में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।

साई एनएसआरसी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और प्रवीण कुमार सीएम ने आयोजन की सराहना करते हुए खेल और शारीरिक व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया तथा स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में इसके महत्व पर बल दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here