बालकों में वसुंधरा, गाजियाबाद और बालिकाओं में कानपुर कैंट ने जीती ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी

0
5

लखनऊ। वसुंधरा, गाजियाबाद और कानपुर कैंट ने सेठ आनंदराम जयपुरिया ग्रुप ऑफ स्कूल्स द्वारा आयोजित वार्षिक अंतर-विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता ‘एथलेटिका 2026’ के तीसरे संस्करण में क्रमश: बालक व बालिका वर्ग की ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने ‘एथलेटिका 2026’ में किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, उमंग, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में हुआ जयपुरिया स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन, 20 स्कूलों के करीब 700 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया दम

इस दौरान पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रवीण कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे जबकि तरुण चावला (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, पार्टनर स्कूल्स, सेठ आनंदराम जयपुरिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस) सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण ने मौजूद रहकर प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पुरस्कार वितरित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मशाल प्रज्वलन के पारंपरिक समारोह के साथ एथलेटिका 2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया।

लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी : प्रवीण कुमार

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार ने जयपुरिया ग्रुप द्वारा विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की पहल की सराहना की।

उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि स्कूल अब खेलों का महत्व समझने लगे है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए सीख दी।

जयपुरिया नेटवर्क के 20 विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। इस चैंपियनशिप ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, चुनौतियों का सामना करने और खेल के माध्यम से उत्कृष्टता हासिल करने का एक शानदार मंच प्रदान किया।

बालक व बालिका वर्ग में इन टीमों का रहा जलवा

एथलेटिका 2026 में हुई विभिन्न स्पर्धाओं के दौरान ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी बालक वर्ग में वसुंधरा, गाजियाबाद और बालिका वर्ग में कानपुर कैंट ने जीती। इसी के साथ ट्रेलब्लेज़र ट्रॉफी (अंडर-12) में बालक व बालिका दोनों वर्गो में कानपुर कैंट ने जीती।

ट्रेलब्लेज़र ट्रॉफी (अंडर-14) में बालक वर्ग में वसुंधरा, गाजियाबाद और बालिका वर्ग में कानपुर कैंट ने अपने नाम की। टाइटन्स ट्रॉफी (अंडर-17) वर्ग में बालकों में कानपुर कैंट ने जीती जबकि बालिकाओं में कानपुर कैंट एवं वसुंधरा, गाजियाबाद संयुक्त विजेता रहे।

इसी के साथ शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-12 में वसुंधरा, गाजियाबाद, अंडर-14 में शहीद पथ, लखनऊ, अंडर-17 में शहीद पथ, लखनऊ विजेता बने।

वहीं बेस्ट जर्सी अवॉर्ड उन्नाव को प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विद्यालयों की टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

तरुण चावला ने जयपुरिया ग्रुप की ओर से अपने विद्यालयों के नेटवर्क में खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं का विकास करने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here