लखनऊ। नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में एमडीयू रोहतक, बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी और गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं सीजीसी यूनिवर्सिटी ने नमन वर्मा (81) और अभिषेक ठाकुर (51) की तूफानी पारियों के दम पर नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को 175 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट
रुद्रांश क्रिकेट अकादमी मैदान, गोमतीनगर पर एमडीयू रोहतक ने अभिषेक चौधरी (नाबाद 55) और प्रथम (53) के अर्धशतकों के बाद शुभम बधवार के चार विकेट की बदौलत राजेंद्र प्रसाद (रज्जू भैया) यूनिवर्सिटी को 84 रन से पराजित किया।
एमडीयू रोहतक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में राजेंद्र प्रसाद यूनिवर्सिटी की टीम ऋषभ (51) और हर्षित (39) की पारियों के बावजूद 18.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई।
आरआर स्टेडियम पर बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने डीएवी यूनिवर्सिटी को 21 रन से हराया। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भास्कर सिंह (48), सात्विक तिवारी (29) और राज नायक (22) की उपयोगी पारियों से 164 रन बनाए।
जवाब में डीएवी यूनिवर्सिटी की टीम नौ विकेट पर 143 रन ही बना सकी। बुंदेलखंड की ओर से अमन ठाकुर ने तीन जबकि राज नायक और सात्विक तिवारी ने दो-दो विकेट चटकाए।
रुद्रांश क्रिकेट अकादमी मैदान पर गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी ने आरएमएलएयू अयोध्या को सात विकेट से शिकस्त दी। आरएमएलएयू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 124 रन बनाए।
गोपाल कुमार ने 49 रन बनाए। गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी से अभय चौधरी ने तीन और अविराज सिंह ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी ने 8.4 ओवर में तीन विकेट पर 125 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। तरनवीर ने 25 गेंदों पर दो चौके और सात छक्कों से नाबाद 61 रन बनाए, जबकि साहिल शर्मा ने 18 गेंदों पर 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
आरएसजी स्टेडियम, अलीगंज पर सीजीसी यूनिवर्सिटी ने बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन करते हुए नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को 175 रन से रौंद दिया।
सीजीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 244 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नमन वर्मा ने 36 गेंदों पर 10 चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रन बनाए, जबकि अभिषेक ठाकुर ने 28 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों से 51 रन जोड़े।
अंकुश ठाकुर ने नाबाद 45 रन का योगदान दिया। जवाब में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की टीम नौ विकेट पर 68 रन ही बना सकी। सीजीसी की ओर से सचित शर्मा ने चार और शुभम मेहता ने दो विकेट चटकाए।
अन्य मुकाबलों में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी को 69 रन से, मानव रचना आईआईआरएस फरीदाबाद ने सीसीएस एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी को नौ विकेट से, चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी ने लाला लाजपत राय यूनिवर्सिटी को पांच विकेट से, गुरू जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने लद्दाख यूनिवर्सिटी को आठ विकेट से और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने आईआईएलएम यूनिवर्सिटी को सात विकेट से शिकस्त दी। कश्मीर यूनिवर्सिटी ने भी अपने मैच में जीत दर्ज की।










