लखनऊ। लामार्टिनियर बॉयज कॉलेज में यूपी गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से ताइक्वांडो कलर बेल्ट प्रमोशन परीक्षा आयोजित की गई। नेशनल ताइक्वांडो कमेटी से संबद्ध एसोसिएशन के तत्वावधान में हुई इस परीक्षा में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, आत्मरक्षा कौशल और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
परीक्षा का संचालन एवं मूल्यांकन एसोसिएशन के संयुक्त सचिव रजा हुसैन ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों की ताइक्वांडो तकनीक, अनुशासन और विभिन्न विधाओं में दक्षता को परखा गया। परीक्षा के अवसर पर लामार्टिनियर के चीफ ताइक्वांडो कोच एवं एसोसिएशन के महासचिव मास्टर जावेद खान, सहायक ताइक्वांडो कोच अमय चौहान तथा शिक्षक राजू रंजन मौजूद रहे।

परीक्षा के परिणामों में व्हाइट बेल्ट से येलो बेल्ट के लिए 25 खिलाड़ियों को सफल घोषित किया गया। इनमें समर्थ सिंह, आर्यन भारद, मोहम्मद हुमायूँ, अभ्राज, गोवो अरिश, अर्नय दयाल, फ़राज़ अली, रेयांश यादव, रुद्रांश, तनिष्क केवलानी, अयनेश, स्योन, मनेन्द्र, वेहान, अथर्व, अवीश, मौलिक अरोड़ा, विवान सिंह, यजुस ओझा, अनुकल्प, ईशान, मोहम्मद इब्राहिम, तोयेश कुमार, सैयद उज़ैर और कबीर सिंह शामिल हैं। वहीं, येलो बेल्ट से ग्रीन बेल्ट के लिए शांतनु और समर्थ सिंह को उत्तीर्ण घोषित किया गया, जबकि ग्रीन बेल्ट से ग्रीन-1 बेल्ट के लिए हुमैदुर ने सफलता हासिल की।
इस अवसर पर मास्टर जावेद खान ने सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ताइक्वांडो केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और आत्मसंयम विकसित करने की कला भी है।
उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास जारी रखने और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन सफल खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।









