लखनऊ। एराज़ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित छह दिवसीय वार्षिक उत्सव इग्नाइट-2026 का गुरुवार को खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ।
खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दम, सफायर ने कई स्पर्धाओं में हासिल की जीत
31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने क्रिकेट, फुटबॉल, थ्रोबॉल, खो-खो, फुटसल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डांस, नुक्कड़ नाटक, क्विज, पेंटिंग, फैशन शो, थिएटर, कविता, शायरी और गायन जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।

उत्सव के अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग की क्रिकेट, फुटबॉल और थ्रोबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रोफेसर एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राघवेंद्र सिंह की देखरेख में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
बालक और बालिका वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के फाइनल में सफायर ने फोनिक्स को हराकर दोहरे खिताब पर कब्जा किया। थ्रोबॉल के फाइनल में भी सफायर ने फोनिक्स को शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में मोनिस ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। 100 मीटर दौड़ में आफिफ दूसरे और आकिफ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि 200 मीटर में शाजिल दूसरे और इमाद तीसरे स्थान पर रहे।

बालक वर्ग की रिले दौड़ में मोनिस, सरताज, अंकुर और सुहैल की टीम विजेता बनी। मिश्रित रिले में मोनिस, सरताज, ऋषिका और शिवानी ने स्वर्ण पदक जीता।
भाला फेंक के बालक वर्ग में सुहैल और बालिका वर्ग में शिवानी ने पहला स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में बालक वर्ग में मुख्तार और बालिका वर्ग में अनुष्का विजेता बनीं। जैवलिन थ्रो के बालक वर्ग में सुहैल ने 59 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता, जबकि जाफर दूसरे और ऋतिक तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में शिवानी ने पहला स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में सरताज ने स्वर्ण पदक हासिल किया। शॉट पुट के बालक वर्ग में सफायर के आसिम बॉस और बालिका वर्ग में शिवानी ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अन्य खेल प्रतियोगिताओं में सफायर ने खो-खो के फाइनल में फोनिक्स को हराकर खिताब जीता। फुटसल में फोनिक्स ने सफायर को पराजित किया, जबकि वॉलीबॉल में अल्फा ने सफायर को हराकर जीत दर्ज की। क्रिकेट में पीजी की टीम ने इवोक को पराजित किया। बास्केटबॉल के बालक वर्ग के फाइनल में अल्फा और सफायर के बीच मुकाबला हुआ।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी दिखा हुनर
तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में विद्यार्थियों ने एकल एवं युगल नृत्य, मेहंदी, स्केचिंग, वॉल पेंटिंग, फेस पेंटिंग, डिजिटल पेंटिंग, कैनवास पेंटिंग, कैरिकेचर, रंगोली, डिबेट, ट्रेजर हंट और फैशन शो जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
एकल नृत्य में सफायर की आकांक्षा प्रथम, उत्कर्ष द्वितीय और इवोक की शैली तृतीय स्थान पर रहीं। युगल नृत्य में सफायर की श्रीजया और हिबा की जोड़ी विजेता बनी।
नुक्कड़ नाटक में फोनिक्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि क्विज में सफायर विजेता रही। डिजिटल पेंटिंग में फोनिक्स के आदित्य श्रीवास्तव ने पहला स्थान प्राप्त किया। ट्रेजर हंट में भी सफायर ने बाजी मारी।
मेहंदी और फेस पेंटिंग प्रतियोगिताओं में सफायर ने पहले और दूसरे दोनों स्थान हासिल किए। कैनवास पेंटिंग में इन्विक्टस विजेता रही।
कैरिकेचर में सफायर और फोनिक्स संयुक्त रूप से प्रथम रहीं, जबकि वॉल पेंटिंग और स्केचिंग में सफायर ने पहला स्थान प्राप्त किया। फैशन शो में भी सफायर विजेता बनी, जबकि फोनिक्स दूसरे स्थान पर रही।
साहित्यिक एवं मंचीय प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई। एक्सटेम्पर में सफायर के अक्षत प्रथम रहे। अंग्रेजी और हिंदी कविता प्रतियोगिताओं में सफायर ने पहला स्थान हासिल किया।
थिएटर प्ले में फोनिक्स विजेता बनी, जबकि डिबेट प्रतियोगिता में सफायर ने बाजी मारी। समापन दिवस पर शायरी, गायन, पोएट्री और स्टैंडअप कॉमेडी के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रोफेसर जमाल मसूद और प्रोफेसर एमएमए फरीदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. निरुपमा लाल, डॉ. एसपी जैसवार और डॉ. दिलशाद मौजूद रहे। प्रोफेसर एमएमए फरीदी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। वहीं प्रोफेसर जमाल मसूद ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उत्सव में सफायर, फोनिक्स, इवोक और इन्विक्टस सहित विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। छह दिवसीय इग्नाइट-2026 ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया।













