– मेहमान टीम की पहली पारी के 355 रनों के जवाब में यूपी ने बनाए बिना विकेट खोए 196 रन
– आदर्श सिंह और माधव कौशिक नाबाद रहने के साथ ही शतक के करीब पहुंचे
– कार्तिक यादव ने फिर खोला पंजा, 7 मैचों में चौथी बार किया यह कारनामा
कानपुर। संजीव मिश्र
यूपी की नई सनसनी कार्तिक यादव के एक और चमत्कारिक प्रदर्शन के बाद अब उसके बल्लेबाज भी पूरे रंग में नजर आ रहे हैं। ग्रीनपार्क स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के इस मुकाबले में दूसरे दिन वडोदरा की पहली पारी के 355 रनों के जवाब में यूपी ने पहली पारी में बिना विकेट खोए 196 रन जोड़कर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली थी। यूं तो क्रिकेट में कोई भी भविष्यवाणी जोखिम भरी होती है लेकिन यूपी की सलामी जोड़ी ने विकेट पर आज जो कॉन्फिडेंस दिखाया उसको देखते हुए पहली पारी की बढ़त बहुत मुश्किल नजर नहीं आ रही है। स्टम्प के समय आदर्श सिंह 96 और माधव कौशिक 90 रन बनाकर शतक के करीब पहुंच चुके थे। यूपी को वडोदरा पर बढ़त के लिए अब 160 रनों की और जरूरत है, जबकि उसकी पूरी बल्लेबाजी सुरक्षित है।
अभिषेक गोस्वामी की जगह फाइनल इलेवन में जगह बनाने वाले आदर्श सिंह की बल्लेबाजी में डिफेंस और अटैक का अच्छा मिश्रण दिखा। वडोदरा के गेंदबाजों ने दबाव बनाने के लिए कई बार अपील तो की लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। लंच से ठीक पहले वडोदरा की पहली पारी कल के स्कोर में 86 रन और जोड़ने के बाद सिमट गई। सलामी बल्लेबाज ध्रुव पटेल के शतक (124) के अलावा मनन सोलंकी ने 50 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कार्तिक यादव को पांच और करन शर्मा को तीन विकेट मिले, जबकि एक-एक विकेट यश दयाल और जीशान अंसारी के हिस्से में आया।
यूपी के लिए लेफ्ट ऑम ऑथार्ेडॉक्स स्पिनर कार्तिक यादव का एक और चमत्कारिक प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने आज गिरे 4 में से तीन विकेट लेकर इस पारी में पांच विकेट लेने का करिश्मा फिर कर दिखाया। पिछले 7 मैचों में कार्तिक ने चौथी बार पंजा खोला है। इसके साथ ही इस सीजन के 4 मैचों में उनके विकेटों की संख्या 27 पहुंच चुकी है, जिसमें पिछले दो मैचों में भी किसी न किसी पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट निकाले हैं। यानि लगातार तीसरे मैच में उन्होंने पांच विकेट लेने का कारनामा किया है।
कार्तिक ने पिछले सीजन तमिलनाडु के खिलाफ 5 विकेट लेकर डेब्यू किया था। लेकिन फिर अगली 4 पारियों में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। इस सीजन में टीम मैनेजमेंट ने उन पर अपना भरोसा कायम रखा। इस युवा स्पिनर ने भी उन्हें निराश नहीं किया। बिहार के खिलाफ पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 2 विकेट लेने के बाद गोआ के खिलाफ अगले मैच में पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर यूपी को मिली पहली दो जीतों में अहम भूमिका निभाई। पांडिचेरी के खिलाफ भी उन्होंने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी और पहली पारीु में तीन जबकि दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर मैच में कुल 9 विकेट लिए। दुर्भाग्यवश उनका यह शानदार प्रदर्शन यूपी को सिर्फ 3 अंक ही दिला सका था।
यूपी टीम के हेड कोच ज्ञानेन्द्र पांडेय ने कहा कि हमारे लड़के बहुत अच्छा खेल रहे हैं। तीसरे दिन हमारा पहला लक्ष्य बढ़त प्राप्त करने का होगा, उसके बाद ही हम आगे की रणनीति तय करेंगे। हेड कोच ने कहा कि हमें अच्छी टीम मिली है, लड़को को उनकी भूमिका पता है और वे अपना काम बखूबी अंजाम दे रहे हैं।












