लखनऊ। यूपी सहित विभिन्न प्रदेशों की उम्दा महिला खिलाड़ी 19 सितंबर से शुरू हो रही 25वीं आरएस सागर मेमोरियल आल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में अपने खेल का कमाल दिखाने उतरेंगी।
उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट के मैच 19 से 25 सितंबर 2026 तक लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी के टेनिस कोर्ट पर खेले जाएंगे। सात दिवसीय इस टूर्नामेंट में महिला एकल व युगल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।
एसडीएस के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने जानकारी दी कि एक लाख रुपए की प्राइजमनी वाले इस टूर्नामेंट में 19 व 20 सितंबर को क्वालीफायर राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे जबकि 21 सितंबर से मुख्य ड्रा के मैचों की शुरुआत होगी।
इस टूर्नामेंट का उद्घाटन 19 सितंबर को शाम 5:30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जावीद अहमद (पूर्व डीजीपी यूपी पुलिस) और सम्मानित अतिथि अजय दीक्षित (रिटायर्ड आईआरएस, सदस्य जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण, लखनऊ) होंगे। टूर्नामेंट में मुकाबलों की शुरुआत सुबह नौ बजे से होगी। टूर्नामेंट का फाइनल 25 सितंबर 2026 को खेला जाएगा।










