सूरज ने जीती एकल की विजेता ट्रॉफी, कनिष्क-रिकी युगल चैंपियन

0
10

लखनऊ। कर्नाटक के दूसरी वरीय सूरज ने तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल की बदौलत एकल की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। दूसरी ओर युगल में तीसरी वरीय गुजरात के कनिष्क और दिल्ली के रिकी की जोड़ी चैंपियन बनी।

तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में एकल फाइनल में सूरज ने पश्चिम बंगाल के मयंद तिवारी को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया। सूरज ने बेहतरीन शॉट के साथ सटीक सर्विस से मयंद पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए दोनों सेट अपने नाम किए।

मयंद तिवारी ने भी वापसी के कई प्रयास किए और उन्हें कुछ मौके मिले, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सके। महत्वपूर्ण मौकों पर अंक गंवाने का खामियाजा उन्हें हार के रूप में भुगतना पड़ा। युगल फाइनल में कनिष्क और रिकी की जोड़ी ने दिल्ली के सागर और पश्चिम बंगाल के फरदीन की जोड़ी को 7-6(3), 3-6, 10-7 से हराया।

विजेता जोड़ी को हालांकि कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। पहला सेट टाईब्रेक में कनिष्क-रिकी ने जीता जबकि दूसरे सेट में जीत से सागर व फरदीन ने मुकाबले में बराबरी हासिल की। मैच का परिणाम निर्णायक तीसरे सेट में निकला, जो सुपर टाईब्रेक में खेला गया। इसमें कनिष्क और रिकी ने 10-7 से बाजी मारते हुए खिताब जीत लिया।

समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डा. असीम टिक्कू (पूर्व डीन-फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज, पूर्व सदस्य-कार्यकारिणी परिषद, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) ने पुरस्कार वितरित किए।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, डा. केएल गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट एवं एफिल इन्फ्राडेवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एसके गर्ग, आर्यन ग्रुप ऑफ होटल्स के चेयरमैन राहुल खन्ना की गरिमामयी मौजूदगी रही।

इससे पूर्व एसडीएस से पवन सागर ने अतिथिगण का स्वागत किया। इस अवसर पर रतन शर्मा (निदेशक कोचिंग- एसडीएस), टूर्नामेंट निदेशक अभिषेक विक्रम सिंह व टूर्नामेंट रेफरी अमृतन्जय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here